पुरुषोत्तम मास में होगा भव्य श्रीराम कथा आयोजन, 7 जून को निकलेगी रामायण यात्रा
नोहर। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री सत्संग समिति नोहर द्वारा 8 जून से 16 जून 2026 तक स्थानीय श्री परशुराम पार्क, सेक्टर नंबर 5 में भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर सोमवार को डीएल फैशन मार्ट में पत्रकार वार्ता आयोजित कर आयोजक मंडल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
आयोजकों ने बताया कि कथा आयोजन से पूर्व 7 जून 2026 को विशाल रामायण यात्रा निकाली जाएगी, जो शाम 5:15 बजे श्याम मंदिर से रवाना होकर श्री परशुराम पार्क पहुंचेगी। यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का विशेष वातावरण रहेगा।
कथा का वाचन ऋषिकेश-हरिद्वार के प्रसिद्ध कथा वाचक ब्रह्मचारी संत श्री गोविंद दास जी महाराज द्वारा किया जाएगा। कथा प्रतिदिन आयोजित होगी तथा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक प्रवचनों का लाभ लेने का अवसर रहेगा। 9 जून से प्रतिदिन सुबह 6 बजे प्रभात फेरी तथा सुबह 8 बजे प्रवचन प्रारंभ होंगे।
आयोजक मंडल ने बताया कि इस बार आयोजन में नवाचार भी किया जा रहा है। रामायण यात्रा के दौरान माता एवं बहनों को 500 कूपन वितरित किए जाएंगे, जिनमें से लकी ड्रॉ के माध्यम से 51 महिलाओं को पारितोषिक प्रदान किए जाएंगे। साथ ही जो श्रद्धालु प्रत्यक्ष रूप से कथा में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए कथा का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
श्री सत्संग समिति नोहर ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा श्रवण करने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।
पत्रकार वार्ता में धनराज बंसल, मुकेश बंसल, संजय मोदी, महेश शर्मा अपाला, प्रवेश चाचाण, किशन चाचाण, राजेंद्र कंदोई, सुनील राठी, हनुमान सराफ सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।