बाबा बैद्यनाथ मंदिर VIP गेट पर चढ़कर फूल बेच रहा था युवक, पुलिस की डांट से रेलिंग पर चढ़ा, बड़ा हादसा टला।
देवघर: –सावन की अंतिम सोमवारी के दिन बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में एक युवक की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। युवक मंदिर के VIP प्रवेश द्वार (पंडा धर्मरक्षणी सभा द्वार) के गेट के ऊपर चढ़कर कांवरियों को फूल बेच रहा था।
इसी दौरान मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजर युवक पर पड़ी। पुलिस और मंदिर प्रबंधक ने उसे डांट लगाते हुए नीचे उतरने को कहा। पुलिस और रमेश परिहस्त को देखते ही घबराया उक्त युवक नीचे उतरने के बजाय कांवरिया रूट लाइन की रेलिंग पर चढ़ गया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
युवक रेलिंग पर काफी ऊंचाई तक चढ़ने की कोशिश कर रहा था और डर के मारे थरथरा रहा था। इस दौरान उसके फिसलकर नीचे गिरने का खतरा बना हुआ था। अगर वह गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थिति को देखते हुए VIP गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों और मंदिर प्रबंधक रमेश परिहस्त ने किसी तरह युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद युवक को जमकर फटकार लगाई गई और भविष्य में इस तरह जान जोखिम में डालकर फूल बेचने या प्रतिबंधित स्थान पर चढ़ने से मना किया गया।
Deoghar, Deoghar | Aug 25, 2026