अंतरजनपदीय चोर गिरोह का फतेहपुर पुलिस ने किया पर्दाफाश, 7 शातिर गिरफ्तार, लाखों का चोरी का माल बरामद
फतेहपुर। जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के सफल खुलासे में फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस, सर्विलांस सेल और क्राइम डिटेक्शन टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक संगठित अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा एक KIA CARENS कार बरामद की गई है। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को ₹25,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 4 और 16 सितंबर 2026 को कोतवाली क्षेत्र के साई बिहार कॉलोनी और शेखपुर उनवा में बंद मकानों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए थे। दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 22 सितंबर को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास नागर, अनमोल सिंह, जयशिव गुप्ता, विकास निषाद, राहुल गुप्ता, मिथुन सिंह तथा दीपक उर्फ अंशू शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि वे चारपहिया वाहन से विभिन्न शहरों में जाकर बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलने पर ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के बाद नकदी और जेवरात आपस में बांट लेते थे तथा कुछ सामान कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह द्वारा मध्य प्रदेश सहित अन्य स्थानों पर भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
बरामदगी में सोने की चेन, महाराजा हार, अंगूठियां, झुमके, झाला, चांदी की बिछिया, ब्रेसलेट, गणेश-लक्ष्मी का सिक्का, ₹34,400 नकद, आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त KIA CARENS कार से पाइप रिंच, प्लास, कटर, पेचकश और सब्बल जैसे औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।