तिरंगा रैली में गूंजे देशभक्ति के नारे, नुक्कड़ नाटक से सिखाया 4-बिन कचरा पृथक्करण
तिरंगे के साथ स्वच्छता का संदेश लेकर सड़कों पर उतरे विद्यार्थी
हर घर तिरंगा अभियान के तहत मॉडल टाउन में निकाली गई तिरंगा जागरूकता रैली
यमुनानगर।
नगर निगम द्वारा देशभक्ति एवं स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मॉडल टाउन में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में मुकंद पब्लिक स्कूल एवं मुकंद लाल नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लेकर शहरवासियों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने का संदेश दिया। रैली स्कूल से शुरू होकर संतपुरा गुरुद्वारा से होती हुई छोटी लाइन, जीएनजी कॉलेज समेत विभिन्न स्थानों से होती हुई वापस स्कूल प्रांगण में आकर संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति व स्वच्छता संबंधित नारे लगाए और लोगों को देशभक्ति के साथ स्वच्छता का संदेश दिया। पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस अवसर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। तिरंगा यात्रा के बीच विद्यार्थियों द्वारा 4-बिन कचरा पृथक्करण विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक एवं अन्य कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे का स्रोत स्तर पर सही तरीके से पृथक्करण करने के लिए जागरूक किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा ने कहा कि सभी हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करें और स्वच्छता के लिए कचरे का 4-बिन के अनुसार सही पृथक्करण अवश्य करें। स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार, आकाश व गगन ने नागरिकों को समझाया कि कचरे को अलग-अलग करना स्वच्छ शहर की पहली सीढ़ी है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से यमुनानगर-जगाधरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।