पलवल। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर पलवल के अधीक्षण अभियंता रंजन राय ने नगर परिषद पलवल के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने योजना के प्रावधानों, सब्सिडी और पात्र परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वी/ओ 1 अधीक्षण अभियंता रंजन राय ने पार्षदों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्डों में लोगों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूक करें और पात्र परिवारों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाकर परिवारों को अपनी बिजली स्वयं पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से 1 किलोवाट पर ₹30 हजार, 2 किलोवाट पर ₹60 हजार तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम ₹78 हजार तक की सब्सिडी दी जाती है।
बैठक में बताया गया कि हरियाणा में पात्र परिवारों को केंद्र की सहायता के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से भी वित्तीय सहायता दिए जाने का प्रावधान है। उपलब्ध सरकारी प्रावधानों के अनुसार परिवार की वार्षिक आय ₹1.80 लाख तक होने पर राज्य सहायता ₹25 हजार प्रति किलोवाट, अधिकतम 2 किलोवाट तक, जबकि ₹1.80 लाख से अधिक और ₹3 लाख तक की वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए ₹10 हजार प्रति किलोवाट, अधिकतम 2 किलोवाट तक राज्य सहायता का प्रावधान है।
इस हिसाब से ₹1.80 लाख तक वार्षिक आय वाले पात्र परिवार को 2 किलोवाट के सिस्टम पर केंद्र से ₹60 हजार और राज्य से अधिकतम ₹50 हजार की सहायता मिल सकती है। वहीं ₹1.80 लाख से ₹3 लाख तक की वार्षिक आय वाले पात्र परिवार को केंद्र की ₹60 हजार सब्सिडी के साथ राज्य की अधिकतम ₹20 हजार सहायता मिल सकती है। हालांकि वास्तविक लाभ पात्रता, स्वीकृत क्षमता और योजना के लागू प्रावधानों के अनुसार निर्धारित होगा।
वी/ओ 2 अधीक्षण अभियंता रंजन राय ने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने में नगर परिषद के पार्षदों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे लोगों को योजना की सही जानकारी उपलब्ध कराएं और पात्र परिवारों को आवेदन के लिए प्रेरित करें, ताकि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली के खर्च में भी कमी लाई जा सके। उन्होंने पार्षदों को यही बताया कि उनके क्षेत्र में जितने कनेक्शन लगेंगे प्रति कनेक्शन ₹1000 प्रोत्साहन स्वरूप पार्षद को प्रदेश सरकार की ओर से दिए जाएंगे।
Palwal, Palwal | Aug 27, 2026