*जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव का राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय सेक्टर 26 में हुआ भव्य आयोजन*
पंचकूला/कमल कलसी
विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ साथ कला, संस्कृति एवं अन्य गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में विद्यालय शिक्षा विभाग, हरियाणा द्वारा पंचकूला में दो दिवसीय जिला स्तरीय उत्सव का आयोजन किया गया। इस वर्ष का आयोजन थीम हरियाणा की संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं पर्यावरण पर रखा गया है। कार्यक्रम का आयोजन राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 26 के प्रांगण में किया गया। उत्सव में 4 विधाओं समूह लोकनृत्य, एकल लोकनृत्य, रागिनी और स्किट में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी रमेश बत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर कार्यक्रम जिला संयोजिका दीपा रानी भी उपस्थित रहीं।
दो दिवसीय समारोह में स्कूली बच्चों ने पारंपरिक हरियाणवी एवं क्षेत्रीय परिधानों में देशभक्ति, लोककला और संस्कृति से ओत प्रोत रंगारंग प्रस्तुतियाँ दी। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विधाओं की कलाकृतियों और रंगोली की प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसे अतिथियों व दर्शकों ने बहुत सराहा। उत्सव के पहले दिन कक्षा 5वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। दूसरे दिन कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चैधरी ने कहा कि विद्यार्थियों में अपार प्रतिभा छिपी हुई है बस आवश्यकता है, उन्हें बाहर निकालने की। जिला स्तरीय आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति से जोड़े रखने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होने कहा कि शिक्षा विभाग का प्रयास है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा निखारने के पर्याप्त अवसर मिले। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दी। कक्षा 5 से 8 के ग्रुप में रागिनी विधा में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 26 ने प्रथम स्थान लेकर बाजी मारी। स्किट प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श संस्कृति प्राथमिक विद्यालय नाडा साहिब प्रथम रहा, ग्रुप फोक डांस में सार्थक राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 12 । प्रथम रहा और एकल नृत्य में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरवाला की छात्राओं ने बाजी मारी स कक्षा 9 से 12 ग्रुप में एकल नृत्य में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 26 प्रथम रहा, स्किट प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुंगा ने बाजी मारी। समूह नृत्य में राजकीय आदर्श संस्कृत वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 26 ने बाजी मारी। रागिनी विधा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक माध्यमिक थण्डोग प्रथम रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने सभी विजेता प्रतिभागीयों को शुभकामनाएं दीं।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी और उप जिला शिक्षा अधिकारी रमेश बतरा ने स्कूल के प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्टाफ के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।