प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
13 अगस्त 2026
शीर्षक: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित।
जमुई: कल दिनांक 12 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में सिकंदरा विधानसभा के माननीय विधायक श्री प्रफुल्ल कुमार मांझी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित समिति के अन्य माननीय सदस्यगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा पूर्व में आयोजित बैठकों में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी ने समिति को अवगत कराया कि पिछली त्रैमासिक अवधि से अब तक एफआईआर स्तर पर 27 पीड़ितों तथा चार्जशीट स्तर पर 111 पीड़ितों को नियमानुसार राहत राशि का भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही पेंशन से जुड़े सभी 23 मामलों का निष्पादन करते हुए जुलाई 2026 तक की पेंशन राशि का भुगतान पूर्ण कर दिया गया है।
मामलों के त्वरित निस्तारण पर बल देते हुए जिला पदाधिकारी ने विशेष लोक अभियोजक को निर्देशित किया कि वे न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर न्याय मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने जिला कल्याण पदाधिकारी को पीड़ित परिवारों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और उन्हें देय सहायता राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की हिदायत दी। इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित थानों में लंबित मामलों के आरोप पत्र (चार्जशीट) का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर करने का निर्देश दिया ताकि पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
#jamui #jamuinews
19 views | Jamui, Bihar | Aug 13, 2026