गांधी वाटिका में गूंजी रामधुन, बापू को किया नमन - चेयरमैन निखिला छाबड़ा बोलीं-गांधी के सपनों का स्वच्छ अनूपगढ़ बनाएंगे
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को शहर की गांधी वाटिका में श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगरपालिका द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में नगरपालिका चेयरमैन निखिला छाबड़ा, ईओ बब्बू, पार्षदगणों और मौजूद आम नागरिकों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
गांधी के विचारों पर डाला प्रकाश
इस मौके पर चेयरमैन निखिला छाबड़ा ने अपने संबोधन में महात्मा गांधी के जीवन, उनके सत्य और अहिंसा के विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधी जी के बताए हुए पद चिन्हों पर चलकर ही हम देश और समाज को आगे ले जा सकते हैं।
स्वच्छ अनूपगढ़ की अपील
चेयरमैन छाबड़ा ने शहरवासियों से अपील की कि गांधी जी का सपना था स्वच्छ भारत। हम सभी को मिलकर अनूपगढ़ को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाना है। ईओ बब्बू ने कहा कि नगरपालिका अकेले कुछ नहीं कर सकती, इसके लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। कचरा सड़क पर न फेंके, डस्टबिन का उपयोग करें।
रामधुन से गूंजी वाटिका
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय लोक गायकों द्वारा गांधी जी की प्रिय रामधुन "रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम" का सुमधुर गायन किया गया। रामधुन की धुन पर पूरी वाटिका भक्तिमय हो गई और लोगों ने ताली बजाकर बापू को याद किया।