डॉ. रामदयाल मुंडा की जयंती पर सुदेश महतो ने किया नमन, बोले- छात्र आंदोलन को दमन नहीं, संवाद चाहिए
रांची, 23 अगस्त 2026। झारखंड आंदोलनकारी, शिक्षाविद और पूर्व सांसद पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा की जयंती पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने मोरहाबादी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
सुदेश महतो ने कहा कि डॉ. रामदयाल मुंडा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि झारखंड की वैचारिक और सांस्कृतिक चेतना के महत्वपूर्ण स्तंभ थे। झारखंड आंदोलन को बौद्धिक दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने भाषा, संस्कृति, शिक्षा और झारखंड के अधिकारों के लिए लगातार काम किया।
उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन का उद्देश्य सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं था। आंदोलन के पीछे जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा, पहचान और सम्मान के अधिकार की भावना थी। झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ सबसे पहले यहां के लोगों को मिलना चाहिए।
छात्र आंदोलन पर भी बोले सुदेश
छात्र आंदोलन को लेकर सुदेश महतो ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरने वाले छात्र समाज और राज्य का भविष्य हैं। रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे युवाओं के साथ दमन का रास्ता नहीं अपनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “छात्र आंदोलन को दमन नहीं, संवाद चाहिए।” सरकार को युवाओं की समस्याओं को समझकर उनके साथ बातचीत करनी चाहिए।
खनिज संपदा पर झारखंड के हितों की सुरक्षा की मांग
खनिज संसाधनों से जुड़े फैसलों पर सुदेश महतो ने कहा कि राज्य के हितों की पूरी सुरक्षा जरूरी है। खनिज से मिलने वाले राजस्व का लाभ खनन प्रभावित क्षेत्रों, विस्थापित परिवारों और आदिवासी-मूलवासी समुदायों तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस जमीन से खनिज निकलता है, वहां रहने वाले लोगों के जीवन में भी विकास दिखाई देना चाहिए। झारखंड की राजनीति को राज्य के दीर्घकालीन हितों, रोजगार, शिक्षा, पलायन, विस्थापन और प्राकृतिक संसाधनों के अधिकार जैसे मुद्दों पर स्पष्ट सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।
कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय प्रवक्ता ज्ञान सिन्हा, छात्र संघ के ओम वर्मा, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार, रांची जिला सचिव दयाशंकर झा, अजीत कुमार समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#SudeshMahto #RamDayalMunda #JharkhandNews #AJSU #JharkhandPolitics #StudentMovement #StudentProtest #JalJungleJameen #Jharkhand #Ranchi #MineralRights #JharkhandYouth #रामदयाल_मुंडा #सुदेश_महतो #झारखंड_आंदोलन