मुरैना में युवक को चोरी करने घर में घुसना पड़ा भारी, दूसरी मंजिल से कूदा, वीडियो वायरल
मुरैना। शहर की केशव कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी करने के इरादे से एक मकान में घुसे युवक को भागने की कोशिश भारी पड़ गई। घर में किसी के आ जाने से घबराए युवक ने मकान की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसके पैरों में गंभीर चोट आ गई, जिसके कारण वह मौके से भाग नहीं सका।
मौके से मिली जानकारी के अनुसार, युवक चोरी करने की नीयत से केशव कॉलोनी स्थित एक मकान में घुसा था। इसी दौरान घर में किसी व्यक्ति के आ जाने से वह घबरा गया और पकड़े जाने के डर से दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया।
छलांग लगाने के बाद युवक के पैरों में चोट लग गई और वह भागने में कामयाब नहीं हो सका। इसी दौरान आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ नजर आ रही है।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, चोरी के प्रयास और युवक की भूमिका को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
#morena #मुरैना #पुलिस #चोर
Morena Nagar, Morena | Sep 13, 2026