मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, विधायक व जिला परिषद सदस्य ने बढ़ाया उत्साह
निरसा/पालारपुर: जिला परिषद क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पालारपुर में माध्यमिक परीक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं मनोबल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक अरूप चटर्जी एवं विशिष्ट रूप से जिला परिषद सदस्य दीपाली रुहीदास , मुखिया अपर्णा देवी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। वहीं अभिभावकों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं समर्पण का ही परिणाम है कि विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
सम्मान समारोह के अंत में विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया तथा शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्टता बनाए रखने का संकल्प लिया गया। News Nirsa