सीओ पटियाली की तत्परता से बची सड़क हादसे में घायल दो युवकों की जान
रक्तरंजित हालत में सड़क किनारे पड़े मिले थे दोनों युवक, सीओ ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल; समय पर उपचार मिलने से टली अनहोनी
कासगंज। पुलिस की वर्दी केवल कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। इसका उदाहरण 10 नवंबर की रात क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार ने अपनी तत्परता और मानवीय संवेदना से पेश किया। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उन्होंने उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार एक आवश्यक सूचना के सिलसिले में ग्राम रंजीतपुर जा रहे थे। इसी दौरान थाना गंजडुंडवारा क्षेत्र के ग्राम धुबियाई पुलिया के पास उन्हें सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और गंभीर रूप से घायल दो युवक दिखाई दिए। दोनों के सिर से काफी खून बह रहा था और उनकी हालत चिंताजनक थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ पटियाली ने तत्काल पीआरवी-112 को सूचना दी। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए अपनी सरकारी गाड़ी से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला चिकित्सालय कासगंज रेफर कर दिया। समय पर उपचार मिलने से दोनों की जान बच गई। चिकित्सकों के अनुसार अब दोनों घायल खतरे से बाहर हैं।
पूछताछ में घायलों में से एक ने बताया कि अत्यधिक नशे की हालत में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। घायलों की पहचान गजेंद्र कुमार पुत्र शिवराज और संजू पुत्र मदनलाल, निवासी नगला गिरधारी, थाना बागवाला, जनपद एटा के रूप में हुई है।
सीओ पटियाली अमित कुमार की इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने उनकी सराहना की। उनकी तत्परता ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जरूरत के समय पुलिस की संवेदनशीलता और समय पर उठाया गया कदम किसी के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है।
Kasganj, Kasganj | Nov 11, 2026