कैथल, होडल और बहादुरगढ़ में ₹25.54 करोड़ के विकास कार्यों को मिली गति, हाई पावर्ड वर्क्स कमेटी की बैठक में टेंडर दरों पर विचार
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में चार प्रमुख विकास परियोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा
स्मार्ट रोड निर्माण से लेकर गांवों में सड़क, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट तथा बहादुरगढ़ में आंतरिक सड़कों की मरम्मत के कार्य शामिल
चंडीगढ़, 18 नवंबर 2026 Rakesh Kumar हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में आज चंडीगढ़ में हाई पावर्ड वर्क्स कमेटी (HPWC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैथल, होडल और बहादुरगढ़ में लगभग ₹25.54 करोड़ की लागत से होने वाले चार प्रमुख विकास कार्यों की टेंडर दरों पर विचार किया गया।
बैठक में कैथल में स्मार्ट रोड के निर्माण, होडल के गांव बेधा में आरएमसी सड़क एवं ड्रेनेज निर्माण, गांव गढ़ी में सड़क, आरसीसी ड्रेन एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था तथा बहादुरगढ़ के सेक्टर-02 में विभिन्न आंतरिक सड़कों की विशेष मरम्मत के कार्य शामिल रहे।
कैथल में स्मार्ट रोड का होगा निर्माण
कैथल में मौजूदा सड़क को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने और निर्धारित राइट ऑफ वे (ROW) के विकास का कार्य प्रस्तावित है। इस परियोजना से शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क की क्षमता बढ़ाने और नागरिकों को अधिक सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
होडल के गांव बेधा में सड़क और ड्रेनेज का कार्य
होडल के गांव बेधा में आरएमसी सड़क निर्माण और फिरनी रोड पर ड्रेनेज बनाने का कार्य प्रस्तावित है। इससे ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और जल निकासी की व्यवस्था सुधरेगी। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम करने के साथ-साथ गांव के लोगों का आवागमन भी सुगम होगा।
गांव गढ़ी में सड़क, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट की सुविधा
होडल के गांव गढ़ी में सरकारी स्कूल से श्मशान घाट होते हुए बाल्मीकि चौपाल फिरनी तक आरएमसी (M-40 ग्रेड) सड़क, आरसीसी ड्रेन और स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रस्तावित है। इससे गांव में आवागमन बेहतर होगा, जल निकासी की समस्या से राहत मिलेगी और स्ट्रीट लाइट लगने से रात के समय भी लोगों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।
बहादुरगढ़ के सेक्टर-02 में सड़कों की विशेष मरम्मत
बहादुरगढ़ के सेक्टर-02 की विभिन्न आंतरिक सड़कों की विशेष मरम्मत का कार्य भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहा। इस कार्य से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति में सुधार होगा, वाहन चालकों को सुगम आवागमन मिलेगा और स्थानीय निवासियों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सरकार की प्राथमिकता
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के शहरों और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे का विकास नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेश के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को गति देकर आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है।
Faridabad, Faridabad | Nov 19, 2026