मुरैना में खाद संकट, टोकन प्रणाली और बिजली समस्या को लेकर किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश पर पुलिस से नोकझोंक
मुरैना। जिले में खाद की किल्लत, खाद वितरण में लागू टोकन प्रणाली को बंद करने तथा बिजली की समस्या को लेकर किसान कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शनिवार को उस समय उग्र हो गया, जब मुख्यमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जितेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पुरानी कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश में खाद की कमी, टोकन व्यवस्था और बिजली संकट को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया।
पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कुछ देर तक तीखी बहस और की स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जिले में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, टोकन प्रणाली के कारण उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और बिजली की अनियमित आपूर्ति से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसान कांग्रेस ने सरकार से तत्काल खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, टोकन प्रणाली समाप्त करने तथा किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।