शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा की इकाई रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट, डेहरी ऑन सोन में आज 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले आधुनिक दुग्ध चूर्ण /पाउडर संयंत्र के निर्माण कार्य का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय मंत्री श्री नन्द किशोर राम, डेयरी मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग बिहार सरकार तथा डॉ मीनेश शाह, अध्यक्ष राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के द्वारा संयुक्त रूप से वर्चुअल माध्यम द्वारा बटन दबाकर किया गया।
यह पाउडर संयंत्र बिहार सरकार के राज्य योजना के अन्तर्गत प्रस्तावित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री शीर्षत कपिल अशोक, सचिव, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, कॉम्फेड ने की।
माननीय मंत्री, डेयरी मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार ने इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी किसान भाईयों एवं बहनों के लिए डेयरी विकास, मत्स्य विकास एवं पशु संसाधन विकास के क्षेत्र में चौतरफा कार्य सुनिश्चित कर रही है एवं माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में इस प्रकार की परियोजनाएं राज्य में डेयरी सहकारिता को और सशक्त बनाने तथा पशुपालकों को दुग्ध का संगठित बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से उपस्थित अध्यक्ष, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड ने बताया कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन एवं एन०डी०डी०बी० के सतत् प्रयास एवं तकनीक की सहायता से बिहार दुग्ध सहकारिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व रूप से अग्रसर हुआ है। इस परियोजना से शाहाबाद क्षेत्र एवं बिहार राज्य के सभी पशुपालकों की आय में वृद्धि के अवसर सृजित होने के साथ डेयरी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा साथ ही राज्य में दुग्ध सहकारी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। अध्यक्ष, एन०डी०डी०बी० ने बताया कि बेहत्तर एवं समृद्ध पशुपालन के लिए पशुओं को संतुलित आहार, हरा चारा, समय पर टीकाकरण एवं कृमिनाशन इत्यादि प्रदान करने की आवश्यकता है, जिससे प्रदेश का दुग्ध संग्रहण में काफी इजाफा होगा।
इस अवसर पर सचिव, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार ने माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार एवं माननीय मंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए यह बताया कि “सहकार से समृद्धि” के तहत् यह पाउडर संयंत्र दुग्ध के वैज्ञानिक एवं आधुनिक प्रसंस्करण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस संयंत्र के स्थापना से अतिरिक्त दुग्ध उत्पादन को प्रभावी ढंग से प्रसंस्कृत कर संरक्षित करने में सहायता मिलेगी तथा शाहाबाद क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों द्वारा उत्पादित दुग्ध के बेहतर उपयोग एवं मुल्य संवर्धन भी सुनिश्चित होगा। बिहार सरकार की सात निश्चय् पार्ट-3 योजना अन्तर्गत इस वर्ष मे अबतक कुल 3,000 से अधिक दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है।
कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट एवं रोहतास जिले के पशुपालकों को पशुपालन हेतु आवश्यक सभी प्रकार का सहयोग जिला मुख्यालय से प्राप्त होता रहेगा। इस पाउडर संयंत्र के निर्माण से रोहतास जिले के पशुपालकों के पशुपालन पद्धति एवं आर्थिक समृद्धि में सकारात्मक बदलाव आयेगा, जिससे डेयरी के साथ पूरे प्रदेश का विकास संभव होगा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री रौशन कुमार, अघ्यक्ष शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा श्री अजय कुमार तथा प्रबंध निदेशक, शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा श्री अमित कुमार सुमन एवं कॉम्फेड तथा आरा डेयरी के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
#IPRD
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Aug 14, 2026