पूर्व विवाद में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली
आरा भोजपुर जिले में पूर्व के विवाद को लेकर बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर बैठे प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जख्मी की पहचान चौकीपुर पासवान चौक निवासी राजू कुमार यादव, पिता अंगद यादव के रूप में हुई है। उसे दो गोलियां लगी हैं, जिनमें एक पेट और दूसरी कमर के नीचे लगी है।
जख्मी राजू यादव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उसके बेटे के अपहरण को लेकर नामजद लोगों के खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले को लेकर न्यायालय में केस चल रहा है। आरोप है कि केस वापस लेने के लिए उसे लगातार धमकी दी जा रही थी। इसी दौरान उसे गोली मारने की धमकी भी दी गई थी। राजू यादव के अनुसार, वह घर के बाहर बैठा था, तभी बाइक सवार तीन लोग वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी ने गोली मारने वालों पर पूर्व से धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि चौकीपुर में राजू यादव को दो गोली लगी है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
Kargahar, Rohtas | Oct 6, 2026