डॉ. मोहन यादव ने काफिले में शामिल की इलेक्ट्रिक कार, ऐसा करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बने
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक नई पहल करते हुए अपने आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को शामिल किया है। इसके साथ ही वे देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक कार को स्थान दिया है।
मुख्यमंत्री के काफिले में अब महिंद्रा कंपनी की XEV 9e इलेक्ट्रिक कार शामिल की गई है। कंपनी के अनुसार यह वाहन एक बार पूर्ण चार्ज होने पर लगभग 500 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को इसी वाहन से मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक यात्रा की।
मुख्यमंत्री की नई इलेक्ट्रिक कार को MP-02-VB-2047 नंबर आवंटित किया गया है। वाहन के नंबर में शामिल "VB" को विकसित भारत और "2047" को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। यह वाहन आधुनिक तकनीकों से लैस है, जिसमें 360 डिग्री कैमरा सहित कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री के इस कदम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करना है। वाहन संचालन के लिए ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले भी पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कई पहल कर चुके हैं। वे लगातार हरित ऊर्जा और सतत विकास को बढ़ावा देने की बात करते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई थी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल में कई बार सादगी और मितव्ययता की मिसाल पेश कर चुके हैं। इंदौर और सिंगरौली के दौरों के दौरान उन्होंने सामान्य वाहनों और बसों में यात्रा कर सरकारी खर्चों में कमी तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग का संदेश दिया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या भी पहले की तुलना में कम की गई है।
मुख्यमंत्री की यह पहल पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
#MohanYadav
#ElectricVehicle
#GreenMobility
#ViksitBharat2047
#MadhyaPradeshNews
Indore, Indore | Jun 3, 2026