नेशनल हाईवे-11 पर सड़क पर खड़े डंपर से टकराई कार, मैकेनिक घायल
बीकानेर/सेरूणा। नेशनल हाईवे-11 पर सेरूणा में खराबी आने के कारण सड़क पर खड़े डंपर की मरम्मत के दौरान एक कार पीछे से डंपर में जा टकराई। हादसे में डंपर की मरम्मत कर रहा मैकेनिक घायल हो गया, जबकि कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही सेरूणा थाना पुलिस के ड्यूटी अधिकारी जगदीश प्रसाद मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायल मैकेनिक को अस्पताल भिजवाया तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार को पीछे से किसी अन्य वाहन ने टक्कर मारी थी, जिसके बाद कार सड़क पर खड़े डंपर से जा भिड़ी। पुलिस उस वाहन की तलाश में जुटी है। हादसे के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर जल्द ही खुलवा दिया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।