दून पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा रायपुर महिला वृद्धा हत्या का
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपी विनीत को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी मृतका के पति की बुक शॉप पर हेल्पर का काम करता था और परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मृतका के पति पर मजदूरी के पैसे बकाया थे। घटना के दिन वह उनकी स्कूटी से घर पहुंचा और पीछे का दरवाजा खुला होने के कारण अंदर दाखिल हो गया। घर में अकेली मौजूद रेखा बंसल से बकाया पैसे को लेकर उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार कर दिया।
महिला के शोर मचाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उनका मुंह और नाक हाथ से दबा दिया। कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उनके हाथ से सोने का कंगन लेकर मौके से फरार हो गया और पुलिस से बचने के लिए अपने कपड़े भी बदल लिए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कंगन, घटना के दौरान पहना गया कड़ा और मोबाइल फोन बरामद किया गया।