*'विकसित भारत- जन सेवा अभियान' का भव्य शुभारंभ: डीग जिले में 'आशीर्वाद का दीया' जलाकर की गई लोक कल्याण की मंगलकामना*
*गहनकर में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने की शिरकत, पसोपा के आदिबद्री धाम, जटेरी धाम, कैथवाड़ा और रारह में भी जगमगाए हजारों दीप*
नगर/डीग, 17 सितम्बर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार, 17 सितम्बर से प्रदेशभर में 'विकसित भारत- जन सेवा अभियान' का शंखनाद हुआ। इस महाअभियान के प्रथम दिन डीग जिले में शाम 7 बजते ही 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के तहत हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त करने और जन कल्याण की मंगलकामना के साथ जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, ग्राम पंचायतों एवं आमजन के घरों पर दीप जलाए गए।
जिले में इस राज्यव्यापी महाअभियान को लेकर भारी उत्साह देखा गया। विशेषकर पसोपा स्थित प्रसिद्ध आदिबद्री धाम, ग्राम पंचायत गाढ़ी मेवात के जटेरी धाम, कामां क्षेत्र के कैथवाड़ा, रारह और गहनकर में भव्य दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। गहनकर में आयोजित कार्यक्रम में गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विशेष रूप से शिरकत की और दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में अपनी भागीदारी निभाई। प्रशासन की अपील पर जिले के किसानों, महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों ने अपने घरों के मुख्य द्वार पर भी शाम 7 बजे दीप जलाकर इस अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन पंचायती राज विभाग द्वारा किया गया। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद डीग मोहन सिंह ने बताया कि पंचायती राज विभाग के निर्देशन में ग्राम पंचायतों के प्रमुख स्थानों और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलन कर सामूहिक मंगलकामना की गई है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल सरकार की जनकल्याणकारी सोच को आमजन तक पहुंचाया गया है, बल्कि 'विकसित राजस्थान' के संकल्प को पूर्ण करने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट करने का भी यह एक सफल प्रयास रहा है।