फुलयात्रा पांगी उत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
कानून व्यवस्था, बिजली, पेयजल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की हुई समीक्षा, विभागों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
पांगी, 28 सितंबर। जनजातीय क्षेत्र पांगी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय फुलयात्रा पांगी उत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को मिनी सचिवालय किलाड़ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों तथा ग्राम पंचायत किलाड़ और किलाड़-1 के प्रधानों ने भाग लिया।
बैठक में फुलयात्रा पांगी उत्सव को सफल, व्यवस्थित और आकर्षक ढंग से आयोजित करने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम ने विशेष रूप से कानून व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, विभागीय प्रदर्शनियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उत्सव से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय से पहले पूरा किया जाए, ताकि आयोजन के दौरान स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीएम अमनदीप सिंह ने कहा कि फुलयात्रा पांगी उत्सव पांगी की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, लोक कला और स्थानीय विरासत को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्सव के माध्यम से क्षेत्र की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं और पारंपरिक विरासत को भी मंच प्रदान किया जा सकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्सव के दौरान स्वच्छता, पेयजल, बिजली, यातायात और कानून व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभागीय प्रदर्शनियों को बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा गया।
बैठक में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से भी उत्सव की तैयारियों को लेकर सुझाव लिए गए और आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन तथा पंचायतों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार पांगी संदीप कुमार, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग राम रत्न, एसएमएस कृषि विभाग नरेश कुमार नायक, ग्राम पंचायत किलाड़ की प्रधान सुनीता शर्मा, ग्राम पंचायत किलाड़-1 की प्रधान गीता चौहान सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी उपस्थित रहे।#PhulYatraPangi2026 #PangiFestival #HimachalCulture #PangiHeritage #HimSandesh हिम संदेश Pangi Live News Pangi Valley चल जान पांगी The Voice of Pangwal
Saach, Chamba | Sep 28, 2026