सिंघनिया आंगनवाड़ी केंद्र पर आंगनवाड़ी मिलन सम्मान एवं गोदभराई कार्यक्रम का हुआ आयोजन
करौली
बालघाट तहसील क्षेत्र के गांव सिंघनिया में आंगनवाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ताओं द्वारा 'आंगनवाड़ी मिलन सम्मान' एवं 'गोदभराई' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान करना तथा गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्र की कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र की चार गर्भवती महिलाओं का तिलक लगाकर, चुनरी ओढ़ाकर और फल-मिठाई भेंट कर गोदभराई की रस्म के साथ की गई। इस दौरान उपस्थित महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर टीकाकरण और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके पश्चात आयोजित 'आंगनवाड़ी मिलन सम्मान' समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और पोषण की सुविधाएं पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में क्षेत्र की कई गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनिता मीना,सुनीता मीना,रेखा मीना,सुनीता गुर्जर सहायिकाएं जानकी,मुकेशी व आशा सह. हरकेशी,मौसम तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
Balghat, Karauli | Sep 28, 2026