🔹आबकारी विभाग की कार्रवाई में 130 लीटर हाथभट्टी शराब, 3500 किलो महुआ लाहन व ट्रैक्टर जब्त
🔹करीब 9.50 लाख रुपये की सामग्री जब्त, पांच प्रकरण दर्ज
➡️कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के परिवहन, निर्माण एवं संग्रहण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में रविवार को आबकारी विभाग की वृत्त औद्योगिक क्षेत्र इटारसी टीम ने तवा नदी किनारे ग्राम पाहनबर्री में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान एक पावरट्रैक 439 आरडीएक्स ट्रैक्टर के जंगले से 50-50 लीटर क्षमता की दो कैनों में अवैध हाथभट्टी मदिरा बरामद की गई। मौके पर आसपास सघन तलाशी लेने पर लगभग 3,500 किलोग्राम महुआ लाहन भी जब्त किया गया।
आबकारी विभाग ने इस कार्रवाई में कुल 130 लीटर हाथभट्टी मदिरा, लगभग 3,500 किलोग्राम महुआ लाहन तथा अवैध परिवहन में प्रयुक्त पावरट्रैक 439 आरडीएक्स ट्रैक्टर जब्त किया। जब्त मदिरा, लाहन एवं ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत लगभग 9.50 लाख रुपये आंकी गई है। प्रकरण में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब्त कच्ची शराब के नमूने फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजे जाएंगे। साथ ही अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर के संबंध में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) से जानकारी प्राप्त कर वाहन स्वामी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Home Department of Madhya Pradesh