धनबाद के पहले प्ले स्कूल के शिक्षकों का मिला सम्मान, शिक्षक दिवस पर एस जस सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की सराहनीय पहल
डॉ० अंकुर पांडेय ने कहा— शिक्षक ही गढ़ते हैं राष्ट्र का भविष्य, हैप्पी चाइल्ड नर्सरी स्कूल के गुरुजनों का हुआ सम्मान
धनबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर एस जस सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने समाज निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देते हुए एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ० अंकुर पांडेय (एमडी, मेडिसिन) ने धनबाद के पहले प्ले स्कूल ‘हैप्पी चाइल्ड नर्सरी स्कूल’ के शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं सम्मान-चिह्न प्रदान कर उनके समर्पण और योगदान को नमन किया।
अपने संबोधन में डॉ० अंकुर पांडेय ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र का निर्माण कर एक सशक्त समाज की नींव रखते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस केवल एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि उन गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिनके मार्गदर्शन से हर व्यक्ति अपने जीवन में सफलता की राह तय करता है।
कार्यक्रम में हैप्पी चाइल्ड नर्सरी स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती गीता सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने बताया कि हैप्पी चाइल्ड नर्सरी स्कूल धनबाद का पहला प्ले स्कूल है, जिसने वर्षों से गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने एस जस सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान पूरे शिक्षा जगत का सम्मान है और ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं।
सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने हॉस्पिटल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान उनके कार्य के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करता है। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित सभी लोगों ने शिक्षक दिवस के इस आयोजन को प्रेरणादायी पहल बताया।