आम के पेड़ पर गिरा ठनका, युवक की मौत, पत्नी झुलसी
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत देवजरा थाना क्षेत्र के घोड़ाडिहरी गांव में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वज्रपात गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतक घोड़ाडिहरी निवासी बलराम भुइयां का 30 वर्षीय पुत्र विजय भुइयां है। घायल उसकी पत्नी कविता देवी है। ग्रामीणों के अनुसार विजय आहर के पिंड पर आम के पेड़ के नीचे बैठा था। बारिश के दौरान पेड़ पर ठनका गिरा, उसकी चपेट में विजय आ गया। पति को बुलाने गई कविता भी झुलस गई।
घटना के समय साथ रहे बच्चे बारिश से पहले घर चले गए थे, जिससे बच गए। ग्रामीण दोनों को सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने विजय को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष कुशो कुमार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। सीओ मो. अकबर हुसैन ने बताया कि आपदा प्रबंधन से मुआवजे की अनुशंसा की जाएगी।
Madanpur, Aurangabad | Sep 23, 2026