जिला पदाधिकारी, बांका की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को निर्देश दिया कि प्रत्येक माह की अंतिम तिथि तक सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के लिए आगामी माह का खाद्यान्न डीएसडी (DSD) ट्रांसपोर्टर के माध्यम से हर हाल में उपलब्ध कराया जाए, ताकि लाभुकों को समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित हो सके। इसके साथ-साथ जिला पदाधिकारी द्वारा जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को ट्रांसपोर्टर की निगरानी करने तथा खाद्दान्न की गुणवत्ता सुनिश्चिचत करने हेतु निर्देशित किया गया।
उन्होंने सभी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को निर्धारित समय-सीमा के अनुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक कम-से-कम 60 प्रतिशत, 15 तारीख तक 80 प्रतिशत तथा 20 तारीख तक शत-प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हर हाल में पूरा किया जाए।
बैठक में खाद्यान्न वितरण की समीक्षा के दौरान चांदन प्रखंड में वितरण की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, चांदन से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, शंभूगंज प्रखंड में ई-केवाईसी (e-KYC) की प्रगति अपेक्षाकृत कम रहने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, शंभूगंज का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित सभी पदाधिकारियों को जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने तथा खाद्यान्न वितरण एवं ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
135 views | Banka, Bihar | Jul 10, 2026