देर रात घर में लगी भीषण आग, अनाज व भूसा जलकर राख
ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत से आग पर पाया गया काबू, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
सोरों (कासगंज)। थाना क्षेत्र के ग्राम वरौली उर्फ बड़ा गांव, पोस्ट हरसेना विकास खंड सोरों में रविवार देर रात अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अनाज, भूसा एवं अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग अनारदेवी पत्नी स्व. छोटेलाल के घर में लगी। आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अनाज, भूसा और अन्य सामग्री जल चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार आग से करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की आशंका है। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।