परियल प्रकरण में पुलिस का स्पष्टीकरण, बच्ची की मौत को लेकर लगाए गए आरोप निराधार : एएसपी
हरदोई थाना शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम परियल में 8 वर्षीय बच्ची की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही खबरों के बीच पुलिस प्रशासन ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की मृत्यु का पुलिस कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम परियल निवासी राममोहन पुत्र नत्थू की 8 वर्षीय पुत्री रूबी पिछले 17-18 दिनों से बीमार चल रही थी तथा उसे लगातार तेज बुखार की शिकायत थी। इसी दौरान 8 जून 2026 को स्थानीय पुलिस गांव में मौजूद थी। पुलिस टीम को जब बच्ची की गंभीर बीमारी की जानकारी मिली तो तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए वाहन की व्यवस्था कराई गई और बच्ची को उसके परिजनों के साथ उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह खबर प्रसारित की जा रही है कि एक युवक को हिरासत में लेने की कार्रवाई के कारण बच्ची की मौत हुई, जबकि प्रारंभिक तथ्यों में ऐसा कोई संबंध सामने नहीं आया है। पुलिस ने इन आरोपों को पूरी तरह असत्य और भ्रामक बताया है।
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने भी बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही भ्रामक खबरों से बचने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बच्ची पहले से बीमार थी और पुलिस ने उसे चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग किया था। पुलिस पर लगाए गए आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी घटना के संबंध में अपुष्ट एवं भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें। प्रशासन द्वारा पूरे प्रकरण की निगरानी की जा रही है और भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
Hardoi, Hardoi | Jun 9, 2026