नौ फीट लंबी केले की घौर बनी कौतूहल का केंद्र
पूर्णिया पूर्व प्रखंड के गौरा पंचायत अंतर्गत इसरैल मझुआ गांव में करीब नौ फीट लंबी केले की घौर लोगों के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई है। किसान धर्मेंद्र चौहान के घर के सामने लगे दो केले के पौधों में असामान्य रूप से लंबी घौर निकली है। इसकी लंबाई और आकार देखकर लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं तथा मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो बना रहे हैं। ग्रामीणों का अनुमान है कि घौर 12 फीट तक पहुंच सकती है। कुछ लोग इसे दैवीय शक्ति, तो कुछ ‘डबल कॉस’ बता रहे हैं। वहीं कई ग्रामीणों का कहना है कि फल देखने में चीनी चम्पा केले जैसा प्रतीत होता है। जानकारों के अनुसार मौसम, तापमान, नमी और पोषण जैसी परिस्थितियों के कारण केले में असामान्य वृद्धि संभव है। हालांकि इसकी सही किस्म और लंबाई के कारण की पुष्टि वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
Purnia East, Purnia | Aug 27, 2026