**लुहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन (सम्बद्ध सीटू) का तीसरा सम्मेलन नीरथ में संपन्न**
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। लुहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन (सम्बद्ध सीटू) का तीसरा सम्मेलन आज नीरथ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन का संचालन करने के लिए चार सदस्यों का अध्यक्षमण्डल गठित किया गया, जिसने पूरे सम्मेलन का संचालन किया।
सम्मेलन में 13 सदस्यों की नई कमेटी का गठन किया गया। इसमें प्रमोद पालसरा को अध्यक्ष, अमित को उपाध्यक्ष, सतीश को महासचिव, शुभम को सचिव तथा कुन्दन शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया। सदस्य के रूप में मंजीत, रजनीश, लोकेंद्र, रोहित जोशी, सुमन, सुरेंद्र, इन्द्रा और नीतू को चुना गया।
सम्मेलन में सीटू जिला शिमला अध्यक्ष कुलदीप डोगरा, जिला कमेटी सदस्य राजपाल, काम राज, तिलक तथा 1500 मेगावाट यूनियन के अध्यक्ष राजकुमार, चंद्रपाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए सीटू जिला अध्यक्ष कुलदीप डोगरा ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के मुनाफे को बढ़ाने के लिए मजदूर, किसान और आम जनता विरोधी नीतियाँ लागू कर रही है। मजदूर विरोधी चार लेबर कोड तथा मनरेगा कानून को खत्म करने के लिए लाए गए वीबी-जी-राम-जी कानून से मजदूरों के शोषण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने इन लेबर कोड को तुरंत निरस्त करने और वीबी-जी-राम-जी कानून को वापस लेने के लिए तीखा संघर्ष करने का आह्वान किया।
सीटू जिला कमेटी सदस्य काम राज ने विस्तार से चारों लेबर कोड (वेतन कोड 2019, औद्योगिक संबंध कोड 2020, सामाजिक सुरक्षा कोड 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य स्थिति कोड 2020) की मजदूर विरोधी प्रावधानों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ये कोड मजदूरों के लोकतांत्रिक अधिकारों, सुरक्षा, वेतन और सामाजिक सुरक्षा को कमजोर करते हैं तथा ठेका, कॉन्ट्रैक्ट और अस्थायी रोजगार को बढ़ावा देते हैं। हड़ताल के अधिकार को लगभग निष्प्रभावी बना दिया गया है तथा स्थायी रोजगार की सुरक्षा समाप्त की जा रही है। उन्होंने सभी लेबर कोडों को तत्काल वापस लेने, पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने तथा मजदूर हित में वैज्ञानिक संशोधन करने की माँग की।
वक्ताओं ने कहा कि देश में छात्रों और नौजवानों के संघर्ष ने आम जनता के लिए एक नई किरण प्रज्वलित की है जो आने वाले समय को संघर्ष के माध्यम से बदलाव की आशा को और मजबूत करती है और लोगों को संगठित होकर संघर्ष करने की प्रेरणा लेती है इसलिए मजदूरों को भी बदलाव के लिए नए जोश के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
सम्मेलन ने मजदूर विरोधी चार लेबर कोडों तथा वीबी-जी-राम-जी कानून व लुहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मजदूरों की मांगों को प्रोजेक्ट प्रबन्धन से मनवाने के लिए संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया।
Rampur, Shimla | Aug 21, 2026