धनकुण्ड थाना का एसपी ने किया वार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश
बांका। पुलिस अधीक्षक, बांका द्वारा गुरुवार को धनकुण्ड थाना का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, शस्त्रागार, हाजत, सीसीटीएनएस कार्य, लंबित कांडों, वारंट एवं कुर्की निष्पादन सहित विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित वाहन जांच, सघन गश्ती और अपराधियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा शराब, हथियार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एसपी ने लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, अनुसंधान में तेजी लाने और प्रत्येक कांड की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने और प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं जवाबदेह होकर कार्य करते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ बांका, एसडीपीओ बौंसी, पुलिस निरीक्षक रजौन एवं धनकुण्ड थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
#BiharPolice #BankaPolice #DhanakundPolice #Banka #LawAndOrder
Amarpur, Banka | Aug 20, 2026