पार्किंग के लिए आरक्षित क्षेत्र पर बना चबूतरा निगम ने तोड़ा।
सूरजपोल स्थित वी-मार्ट के बाहर 100 फीट लंबे एवं 20 फीट चौड़े चबूतरे को हटाकर किया समतल।
यातायात व्यवस्था में बाधा और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी।
महापौर पारस सिंघवी की शहरवासियों से अपील—स्वयं हटाएं अतिक्रमण, शहर की व्यवस्था बनाने में करें सहयोग।
#nagarnigamudaipur #udaipur #viralpost #nonflower
उदयपुर। शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को सूरजपोल क्षेत्र के सारंग मार्ग स्थित वी-मार्ट के बाहर पार्किंग के लिए आरक्षित स्थान पर बनाए गए चबूतरे को नगर निगम की टीम ने तोड़कर समतल किया।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के अनुसार लगभग 100 फीट लंबे एवं 20 फीट चौड़े इस क्षेत्र को वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन भवन मालिक द्वारा यहां चबूतरे का निर्माण करवा दिया गया था। निगम की कार्रवाई के बाद इस स्थान पर पार्किंग व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग के लिए आरक्षित स्थान को करवाया अतिक्रमण मुक्त।
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए निगम द्वारा पिछले कुछ दिनों से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान संज्ञान में आया कि सूरजपोल सारंग मार्ग स्थित वी-मार्ट के बाहर वाहनों की पार्किंग के लिए दर्शाए गए स्थान पर चबूतरे का निर्माण कर दिया गया था। इससे ग्राहकों द्वारा अपने वाहनों की पार्किंग सड़क पर की जा रही थी जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और यातायात संचालन में भी परेशानी उत्पन्न हो रही थी। इस पर सोमवार को नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए चबूतरे को हटाया और संबंधित स्थान को समतल करवाया, ताकि वहां वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी।
निगम महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट कहा है कि शहर में अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों और पार्किंग के लिए निर्धारित क्षेत्रों का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए सुनिश्चित किया जाएगा। शहर की व्यवस्थाओं को बाधित करने वाले अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महापौर सिंघवी की शहरवासियों से अपील।
महापौर पारस सिंघवी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वयं द्वारा किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण को स्वयं हटा लें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर की सुचारू व्यवस्था एवं नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।
Girwa, Udaipur | Oct 12, 2026