समाहरणालय, शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति : 337 दिनांक 27.06.2026
*******जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित******
आज दिनांक 27.06.2026 को जिला पदाधिकारी, शेखपुरा श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने आवश्यकतानुसार NHAI द्वारा Lay By (भारी वाहनों के सुरक्षित पार्किंग स्थल) का निर्माण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि भारी वाहनों के सुरक्षित ठहराव की समुचित व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
उन्होंने NHAI एवं NH-333A के हाईवे स्ट्रेच पर अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी पेट्रोल पंप संचालकों एवं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। जिला पदाधिकारी महोदय ने अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी द्वारा दोनों नगर परिषदो शेखपुरा एवं बरबीघा में नियमित रूप से चलाए गये "अतिक्रमण हटाओ अभियान" के परिणामों का जिक्र करते हुये प्रसन्नता जाहिर की।
जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि सर्विलांस टीम लगातार राष्ट्रीय राजमार्गों पर भ्रमणशील रहकर वाहनों की VLTD ( व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) सहित अन्य सड़क सुरक्षा मानकों की नियमित जांच करेगी तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करेगी।
इसके अतिरिक्त उन्होंने सार्वजनिक सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे पर आवश्यकतानुसार सड़क सुरक्षा संबंधी सांकेतिक चिन्ह (Road Signages) सही स्थानों पर स्थापित कराने एवं उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, NHAI एवं NH333A के कार्यपालक अभियंता एवं कनीय अभियंता आदि उपस्थित थे।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura
Sheikhpura, Bihar | Jun 27, 2026