जमुई सांसद अरुण भारती के प्रतिनिधि बने LJPR जिलाध्यक्ष इमाम गजाली, कार्यकर्ताओं ने किया सम्मानित।
जमुई लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण भारती ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के शेखपुरा जिलाध्यक्ष इमाम गजाली को सांसद प्रतिनिधि की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस जिम्मेदारी के मिलने पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। शनिवार को चेवाड़ा स्थित इमाम गजाली के आवास पर सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें बधाई दी गई।
सम्मान समारोह में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पंचायत अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, जिला स्तरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने इमाम गजाली को सम्मानित करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर इमाम गजाली ने सांसद अरुण भारती के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विश्वास जताकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें जनता के प्यार, आशीर्वाद और विश्वास के साथ मिली है। वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इमाम गजाली ने बताया कि जमुई लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में सांसद प्रतिनिधि के माध्यम से जनता दरबार आयोजित करने की पहल की जाएगी। जनता दरबार में गांव, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर की समस्याओं को सुना जाएगा। इसके बाद संबंधित समस्याओं से जुड़े आवेदन सांसद अरुण भारती को सौंपे जाएंगे, ताकि उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की जा सके।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं को सांसद तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना उनकी प्राथमिकता होगी। सांसद प्रतिनिधि के रूप में वे जनता और सांसद के बीच संपर्क स्थापित करने का काम करेंगे।
इस मौके पर विजय पासवान, महेश पासवान, मुकेश पासवान, मुकेश कुमार पासवान, मिश्री पासवान, विभूति उर्फ गब्बर पासवान, गुलाब पासवान, टीपू सुल्तान, दानी पासवान, शैलेंद्र प्रसाद सिंह, जगन्नाथ पासवान, चंदन कुमार, श्रवण कुमार, पप्पू कुमार सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।