दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर 4 लाख रुपये पार, CCTV में कैद हुए संदिग्ध
लाल बहादुर भाखर #लालबहादुर_भाखर #pilibanga #RajasthanNews #LatestUpdates #BreakingNews #hanumangarh
पीलीबंगा। शहर में बेखौफ बदमाशों ने सोमवार दोपहर महावीर पार्क (पुराने बैंक ऑफ पटियाला) के सामने खड़ी कार का शीशा तोड़कर 4 लाख रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नई धान मंडी स्थित फर्म 'पृथ्वीराज सुभाष चंद्र' की आढ़त के लिए व्यापारी मदन जाखड़ ने वाल्मीकि चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से 4 लाख रुपये निकलवाए थे। कार चालक रामदेव ने नकदी को टूल बॉक्स में सुरक्षित रखा और अन्य राशि निकालने के लिए पुराने बैंक ऑफ पटियाला वर्तमान शाखा एसबीआई बैंक चला गया।
लौटने पर टूटा मिला शीशा
चालक जब बैंक से बाहर आया तो कार की चालक साइड का शीशा टूटा हुआ था और टूल बॉक्स में रखी पूरी रकम गायब थी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रायसिंह के निर्देशानुसार सहायक उप निरीक्षक (ASI) परविंदर सिंह सोनी की अगुवाई में पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड पाई गई हैं। वारदात का फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। एएसआई परविंदर सोनी ने बताया कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।
Pilibanga, Hanumangarh | Aug 11, 2026