बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड सभागार में गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आपसी बंटवारा मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरपंच, कचहरी सचिव, न्याय मित्र एवं राजस्व कर्मी शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि आपसी बंटवारा में होने वाली देरी कई बार पारिवारिक विवाद, आपसी तनाव और भूमि संबंधी झगड़ों का कारण बनती है। ऐसे मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन होने से अनावश्यक विवादों पर रोक लगेगी और लोगों को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने सभी राजस्व कर्मियों, सरपंचों, कचहरी सचिवों एवं न्याय मित्रों को निर्देश दिया कि बंटवारा से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें तथा प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने का निर्देश दिया।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्रेशन कार्य की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने और संबंधित अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि समय पर बंटवारा होने से न केवल भूमि संबंधी विवादों में कमी आएगी, बल्कि गांवों में आपसी सौहार्द भी बना रहेगा और न्याय व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकार की प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
@iprdbihar
@prdbihar
#begusarai
3 views | Begusarai, Bihar | Jun 18, 2026