मई माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों के खातों में भेजी गई
जहानाबाद : बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत मई 2026 की पेंशन राशि बुधवार को लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स सभागार में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनधारी शामिल हुए।
जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों की सामाजिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। जिले में वर्तमान में 1.52 लाख से अधिक पेंशनधारी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लगभग 31 हजार, राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 5,200, राष्ट्रीय दिव्यांगता पेंशन योजना के 270, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लगभग 80 हजार, राज्य लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 18 हजार तथा बिहार राज्य दिव्यांग पेंशन योजना के लगभग 18 हजार लाभुक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जुलाई 2025 में राज्य सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि को 400 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह किया गया था, जिसका लाभ लाखों पेंशनधारियों को मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पेंशनधारियों की समस्याएं भी सुनी गईं। मौके पर पांच लाभुकों की समस्याओं का समाधान करते हुए उनके पेंशन अभिलेखों को अद्यतन कराया गया। इस पहल पर लाभुकों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले के करीब 23 हजार पेंशनधारियों का ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण अभी लंबित है। ऐसे लाभुक आगामी सात दिनों के भीतर अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर जीवन प्रमाणीकरण अवश्य कराएं। प्रमाणीकरण नहीं होने के कारण उनकी पेंशन भुगतान प्रक्रिया प्रभावित है।
उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कार्यपालक सहायकों, विकास मित्रों, पंचायत सचिवों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि वंचित लाभुकों की पहचान कर उन्हें जागरूक करें तथा निर्धारित समय सीमा में जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराएं।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग पूनम कुमारी ने किया।