चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाब स्थित नवनिर्मित मकान के छत पर काम कर रही महिला का संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गई। नीचे गिरने के क्रम में मकान में निकला एक सरिया महिला के जांघ में घुस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान 40 वर्षीय संगीता देवी, पति अर्जुन यादव के रूप में की गई है। घटना की जानकारी देते हुए घायल महिला के पति अर्जुन यादव ने बताया कि उनकी पत्नी संगीता देवी छत पर काम कर रही थी। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गईं। नीचे गिरने के क्रम में मकान के निर्माणाधीन हिस्से में लगा सरिया, जो मकान से बाहर निकला हुआ था, महिला सीधे उसके ऊपर गिर गई। जिसके कारण उक्त सरिया उनके जांघ में घुसकर जांघ के एक हिस्से से दूसरे हिस्से को पार कर गया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद घर में मौजूद परिजन आनन-फानन में संगीता को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि महिला के जांघ में घुसे सरिया का आधा हिस्सा जो बाहर की तरफ था, उसे काट दिया गया है। जबकि उसका दूसरा हिस्सा अभी भी महिला के जांघ में ही फंसा हुआ है। परिजनों के मुताबिक महिला की स्थिति फिलहाल गंभीर है और रिम्स में उनका इलाज जारी है।
Koderma, Kodarma | Nov 15, 2026