सुपौल जिला जनता दरबार में पहुंचे 60 फरियादी, अपर समाहर्ता ने सुनीं लोगों की समस्याएं
त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
सुपौल। समाहरणालय, सुपौल में आयोजित जिला जनता दरबार में शुक्रवार को अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन ने आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपकर न्याय एवं समाधान की गुहार लगाई।
जिला जनता दरबार में आज कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए। अपर समाहर्ता ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान हो सके।
जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन आम लोगों की शिकायतों को सीधे सुनकर उनके निष्पादन की दिशा में पहल कर रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को उचित राहत उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर विकास कुमार कर्ण, विशेष कार्य पदाधिकारी, गोपनीय शाखा, सुपौल, पुष्पा कुमारी, वरीय उप समाहर्ता, मुकेश कुमार, वरीय उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Supaul, Supaul | Nov 6, 2026