मेहरवानी में मलेरिया जागरूकता अभियान
----
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एस. एन. बिंदल के निर्देशन में आज विकासखंड कराहल के ग्राम मेहरबानी में मलेरिया नियंत्रण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ राजावत, मलेरिया निरीक्षक श्री नरसिंह गॉड, सीएचओ श्रीमती महिमा चौहान, एएनएम श्रीमती मोनिका डोंगरे, लैब टेक्नीशियन श्री प्रवीण अलावाले, सुपरवाइजर श्रीमती दयावती जाटव, आशा कार्यकर्ता श्रीमती प्रीति कुशवाहा एवं श्री दुर्गा सपोर्टर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
शिविर के दौरान कुल 30 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों के अंतर्गत 20 घरों में पायरेथ्रम स्पेस स्प्रे तथा 55 घरों में लार्वा सर्वे किया गया। सर्वेक्षण के दौरान मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के लिए आवश्यक नियंत्रणात्मक उपाय भी किए गए।
स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षण, समय पर जांच, उपचार एवं बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जागरूक किया। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि वे नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें, घर एवं आसपास जलभराव न होने दें, एकत्रित पानी में जला हुआ इंजन ऑयल डालकर मच्छरों के लार्वा को नष्ट करें तथा किसी भी प्रकार का बुखार आने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर रक्त की जांच कराएं और पूर्ण उपचार प्राप्त करें। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए नीम की पत्तियों का धुआं करने की भी सलाह दी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि वे मलेरिया मुक्त गांव के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा बुखार के प्रत्येक मरीज की समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित कर मलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Jul 12, 2026