भटनी के स्वास्थ्य केंद्रों का SRM टीम ने किया निरीक्षण, सेवाओं की गुणवत्ता पर मिला सराहनीय फीडबैक
देवरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का SRM टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, दवाओं की उपलब्धता, रोगी सेवाओं तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी के अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार की मौजूदगी में SRM टीम के डॉ. अभिनन्दन एवं सहायक शोध अधिकारी अरविन्द कुमार सिंह ने NPHC डुमरी, सठियांव, नूनखार, मंगराइच आयुष्मान आरोग्य मंदिर (AAM) एवं उपकेंद्र (SC) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद SRM टीम ने संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों की कार्यप्रणाली पर सकारात्मक फीडबैक दिया। टीम के अनुसार अधिकांश केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित मिलीं। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किए जाने की भी सराहना की गई।
विशेष रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO), एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के ड्रेस कोड, समयबद्ध उपस्थिति और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार को सराहनीय बताया गया। अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण तथा सुपरविजन शीट के अद्यतन होने पर भी टीम ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी स्वास्थ्य विभाग निरीक्षक प्रमोद कुमार मिश्र, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर गुलाम मोइनुद्दीन अहमद, कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर रानी यादव, ब्लॉक डाटा मैनेजर विवेक श्रीवास्तव एवं ब्लॉक अकाउंट प्रबंधक ओमप्रकाश सहित संबंधित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
Salempur, Deoria | Aug 24, 2026