स्कूल बंद करने, मनरेगा खत्म करने और बुलडोजर राज के खिलाफ संघर्ष तेज करना होगा : दीपंकर भट्टाचार्य
शाह चाँद की 12वीं बरसी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित, खेग्रामस के जिला सम्मेलन में उपेंद्र पासवान सचिव और सुरेंद्र प्रसाद अध्यक्ष निर्वाचित।
अरवल। भाकपा (माले) के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारें गरीबों के शिक्षा, रोजगार और जमीन के अधिकारों पर हमला कर रही हैं। स्कूल बंद करने, मनरेगा को कमजोर करने और बुलडोजर के जरिए गरीबों के घर उजाड़ने की नीतियों के खिलाफ व्यापक संघर्ष तेज करना होगा।
वे मंगलवार को कारगिल पार्क में शाह चाँद की 12वीं बरसी पर आयोजित श्रद्धांजलि एवं संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन सरकार स्कूल खोलने के बजाय उन्हें बंद कर रही है। 'स्कूल ठीक करो' अभियान को बिहार की शिक्षा व्यवस्था में बुनियादी बदलाव का आंदोलन बनाना होगा।
मनरेगा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार देने की जिम्मेदारी से पीछे हट रही है। खेत मजदूरों को रोजगार के साथ सम्मानजनक मजदूरी और जीवन का अधिकार मिलना चाहिए। वहीं, जमीन और आवास के सवाल पर उन्होंने कहा कि गरीबों तथा किसानों की जमीन छीनने और बुलडोजर से घर उजाड़ने की कोशिशों का संगठित विरोध जरूरी है।
उन्होंने मतदाता सूची से नाम काटे जाने, लोकतंत्र पर हमले और नफरत की राजनीति के खिलाफ भी एकजुट संघर्ष का आह्वान किया। सभा में पूर्व विधायक महानंद सिंह ने गरीबों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए जेल में बंद महिला साथियों की रिहाई की मांग की।
कार्यक्रम में मनरेगा की मजबूती, शिक्षा सुधार, प्रवासी मजदूरों के अधिकार और बुलडोजर राज के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया गया। इसके बाद खेग्रामस का जिला सम्मेलन आयोजित हुआ। सम्मेलन में 37 सदस्यीय जिला परिषद का नया पैनल सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसमें कामरेड सुरेंद्र प्रसाद को अध्यक्ष तथा कामरेड उपेंद्र पासवान को जिला सचिव चुना गया।
कार्यक्रम में रामजी राय, सत्यदेव राम, कुमार परवेज, अनवर हुसैन, साधना शर्मा सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
Arwal, Arwal | Nov 3, 2026