परिसर में पेड़ पर पेशाब करने का मामला, विभाग ने लिया संज्ञान
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राम जी लाल कनौजिया को नोटिस, फोटो के साथ मांगा जवाब
उरई, जालौन। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड कार्यालय परिसर में सार्वजनिक स्थान पर पेड़ के पास पेशाब करने का मामला सामने आने के बाद विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। मामले में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राम जी लाल कनौजिया का नाम सामने आया है।
मामले से संबंधित 29 सितंबर 2026 के विभागीय पत्र में कार्यालय परिसर में गंदगी फैलाए जाने का उल्लेख करते हुए संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस के साथ घटना से संबंधित फोटोग्राफ भी संलग्न किए गए हैं।
विभागीय पत्र में कहा गया है कि शासन एवं उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्यालय और परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा परिसर में गंदगी फैलाए जाने की बात संज्ञान में आई है। पत्र में यह भी उल्लेख है कि कार्यालय परिसर में महिलाओं का भी आवागमन रहता है, इसलिए इस तरह का आचरण अशोभनीय एवं अनुशासनहीन है।
अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग उरई की ओर से जारी पत्र में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, परिसर में आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालय में स्वच्छता और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। अब विभागीय कार्रवाई के बाद मामले में आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर है।
Jalaun, Jalaun | Sep 30, 2026