सम्भल में भारी वर्षा से मकान की छत गिरने की घटना पर DM ने शोक व्यक्त कर हरसंभव सहायता वीडियो को शेयर करें
यूपी के सम्भल जनपद में हुई भारी वर्षा के कारण विकास खण्ड बहजोई के ग्राम चन्दनकटी मौजा में रामचन्द्र पुत्र नेम सिंह के मकान की छत गिर जाने से एक दुखद हादसा हो गया। इस दुर्घटना में सूरजमुखी (आयु लगभग 35 वर्ष), पत्नी रामचन्द्र तथा दिव्यांशी (आयु लगभग 5 वर्ष) पुत्री रोनू की मृत्यु हो गई। हादसे में परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए, जिन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी प्राप्त होते ही जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रिय सिंह ने प्रभावित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिजनों को ढांढस बंधाया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवार को शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य पात्रतानुसार संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करते हुए राहत एवं पुनर्वास संबंधी कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है तथा शासन की सभी अनुमन्य सहायता समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी एवं खण्ड विकास अधिकारी बहजोई ओमवीर सिंह एवं संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।