राजगीर से गिरफ्तार हुआ कमतौल का मोस्ट वांटेड पवन यादव, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
कई मामलों में घर की हो चुकी थी कुर्की-जब्ती, न्यायालय ने भी घोषित कर रखा था फरार
कमतौल, संवाद सूत्र। कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर पश्चिमी पंचायत अंतर्गत पौनद गांव निवासी पवन यादव को पुलिस ने नालंदा जिले के राजगीर से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ दरभंगा और सीतामढ़ी जिले के विभिन्न थानों में 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कई मामलों में उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई हो चुकी थी। वहीं, न्यायालय ने भी उसे फरार घोषित कर रखा था। सोमवार को सदर-2 कमतौल के एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने कमतौल थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। एसडीपीओ ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी उर्फ जलारेड्डी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस निरीक्षक सह कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने राजगीर में छापेमारी कर पवन यादव को गिरफ्तार किया। टीम में अवर निरीक्षक सुभाष प्रसाद, प्रभारी अवर निरीक्षक मुन्ना कुमार सहित कमतौल थाने के पुलिसकर्मी शामिल थे। गिरफ्तारी की निगरानी एसडीपीओ स्वयं कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डकैती और शराब मामले में भी आरोपित
एसडीपीओ के अनुसार, पवन यादव के खिलाफ डकैती, मारपीट, गोलीबारी और मद्यनिषेध कानून समेत विभिन्न मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। उसके आपराधिक इतिहास में कमतौल थाना कांड संख्या 64/10 डकैती से संबंधित है। वहीं, कमतौल थाना कांड संख्या 10/19 में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके अलावा आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं।
जमीन विवाद को लेकर दर्ज हुई थीं हाल की प्राथमिकी
पौनद गांव निवासी सीता देवी की ओर से दर्ज कमतौल थाना कांड संख्या 39/26 में पवन यादव समेत अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और नकदी व जेवरात लूटने का आरोप लगाया गया था। प्राथमिकी में पूर्व से चले आ रहे जमीन विवाद का भी उल्लेख किया गया था।
वहीं, कमतौल थाना कांड संख्या 41/26 में भी सीता देवी ने पवन यादव समेत अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और गोलीबारी करने तथा नकदी व जेवरात लूटने का आरोप लगाया था। प्राथमिकी के अनुसार, घटना में परिवार के सदस्य जख्मी हुए थे। इन दोनों मामलों का अनुसंधान पुलिस कर रही थी।