NSA अजीत डोभाल का अपमान उत्तराखंड के स्वाभिमान पर चोट: विनोद कंडारी
देवप्रयाग विधायक ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, पूछा
देश की सुरक्षा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों से कांग्रेस को इतनी परेशानी क्यों ?
कीर्तिनगर । देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी अपने कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल केवल एक पद पर आसीन व्यक्ति नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले उत्तराखंड के वीर सपूत हैं। उनके खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करना केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान से जुड़ी भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
विनोद कंडारी ने कहा कि राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश के लिए योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति भाषा की मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस को देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अजीत डोभाल से इतनी परेशानी क्यों है? क्या राष्ट्रसेवा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों पर टिप्पणी करना ही कांग्रेस की राजनीति का तरीका बन गया है?
कंडारी ने पूर्व थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को लेकर पूर्व में हुई विवादित बयानबाजी का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने देश को ऐसे अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया है। ऐसे व्यक्तित्वों को लेकर बार-बार विवादित टिप्पणियां सामने आना दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीतिक विरोध के नाम पर देशसेवा करने वालों के सम्मान को ठेस पहुंचाना किसी भी सूरत में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि उसके नेता सार्वजनिक जीवन में किस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। राजनीतिक विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन राष्ट्रसेवा करने वालों के सम्मान को राजनीतिक बयानबाजी की भेंट नहीं चढ़ाया जाना चाहिए। उत्तराखंड की जनता अपने वीर सपूतों के सम्मान के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं करेगी।
Parliament Street, New Delhi | Oct 13, 2026