पन्ना जिले की अमानगंज तहसील के ग्राम पुरवा में पुश्तैनी जमीन के विवाद ने पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार कर दिया। आरोप है कि जमीन पर कब्जा करने की नीयत से बड़े बेटे, बहू और उनके साथियों ने 80 वर्षीय बुजुर्ग पिता लल्लू पटेल पर लाठियों और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका दाहिना हाथ टूट गया। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित लल्लू पटेल के अनुसार, वह अपनी नाम दर्ज कृषि भूमि (आराजी क्रमांक 147) पर जुताई का कार्य करवा रहे थे। दोपहर में परिवार के लोग खेत पर भोजन कर रहे थे, तभी बड़े बेटे रामभुवन, बहू और अन्य लोगों ने कथित रूप से एकजुट होकर हमला कर दिया।
घटना के बाद जब परिवार शिकायत दर्ज कराने अमानगंज थाने जा रहा था, तब आरोपियों ने रास्ता रोककर दोबारा मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान बुजुर्ग का गला घोंटने का भी प्रयास किया गया। बीच-बचाव करने पहुंचे मंझले बेटे प्रतिपाल पटेल और उनके पुत्र बृजेंद्र के साथ भी मारपीट की गई।
सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित परिवार का कहना है कि जमीन का बंटवारा 40–45 वर्ष पहले ही हो चुका था, इसके बावजूद आरोपी अब जमीन पर कब्जा करने के लिए लगातार विवाद और हिंसा कर रहे हैं। परिवार ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
#Panna #AmanGanj #Purwa #LandDispute #FamilyDispute #CrimeNews #ElderlyAttack #PannaNews #MadhyaPradesh #PoliceInvestigation #BreakingNews #RajExpress #GajendraSinghRathore