श्रीराम अस्पताल में बवाल! एक्स-रे टेक्नीशियन से कथित मारपीट, डॉक्टर पर एफआईआर; वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
अयोध्या: राजकीय श्रीराम अस्पताल में एक्स-रे टेक्नीशियन के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना के संबंध में पैथोलॉजी विभाग में तैनात डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा के खिलाफ श्रीराम जन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
शिकायतकर्ता एवं एक्स-रे टेक्नीशियन अनिमेश सिंह का आरोप है कि डॉ. इंद्रभान विश्वकर्मा ने 7-8 लोगों के साथ मिलकर अस्पताल परिसर में उनके साथ मारपीट की। उनका कहना है कि अस्पताल में एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहर से जांच कराने के लिए भेजा जाता था। जब उन्होंने अस्पताल में ही मरीजों का एक्स-रे करना शुरू किया तो इसी बात से नाराज होकर उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।
अनिमेश सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पहले से अस्पताल परिसर में एक्स-रे नहीं करने की चेतावनी दी जाती थी। उनके अनुसार, मरीजों के हित में अस्पताल की उपलब्ध सुविधा का उपयोग करने पर उन्हें प्रताड़ित किया गया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
राजकीय श्रीराम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. अयज मोहन भास्कर ने बताया कि समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उधर, पुलिस ने दर्ज एफआईआर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और अस्पताल प्रशासन की जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं।
#reelsviralシ #reelsvideoシ #reels #viralpost #viralreels #viral #videosvirales #hospital #fighter #doctor Awadh News24
Sohawal, Faizabad | Aug 2, 2026