तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक : डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार गयाजी जिला समाहरणालय से गांधी मंडप तक आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा में विधायक मनोरमा देवी, जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधिकारी, अनुमंडलाधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, स्काउट एवं गाइड, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विद्यालय के प्रतिनिधि, जीविका दीदियां सहित बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, संप्रभुता, त्याग, शौर्य और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सरदार पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद सहित अनगिनत वीरों के योगदान से देश को आजादी मिली।
डॉ. कुमार ने लोगों से तिरंगे का सम्मान करने और राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की। तिरंगा यात्रा का समापन गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप में पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
Rajauli, Nawada | Aug 13, 2026