आपदा प्रभावित परिवारों को विशेष पैकेज दिलाने की मांग, मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन : बिक्रम ठाकुर
भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने विधानसभा में जीरो ऑवर के दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए भारी नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को सरकार के विशेष राहत पैकेज का लाभ देने की मांग रखी।
बिक्रम ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में भारी भूस्खलन और प्राकृतिक आपदा के कारण कई परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें कुहना पंचायत के जगदीश चंद पुत्र भानीराम, अशोक कुमार पुत्र भानीराम और तिलक राज पुत्र भानीराम, जबकि पीरसलूही पंचायत के सलीम मोहम्मद पुत्र जफर मोहम्मद, मोहम्मद खलील, वकील मोहम्मद पुत्र जफर मोहम्मद, मुस्ताक मोहम्मद, रशीद मोहम्मद पुत्र तुफैल मोहम्मद तथा इंदिरा कुमारी पत्नी कुशलचंद के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इन परिवारों को अभी तक विशेष राहत पैकेज का लाभ नहीं मिला है और वे सरायों तथा दूसरों के घरों में रहने को मजबूर हैं। बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इन परिवारों को विशेष राहत पैकेज के तहत पर्याप्त सहायता उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वे सुरक्षित स्थान पर नए मकान बना सकें।
मुख्यमंत्री ने बिक्रम ठाकुर को आश्वासन दिया कि इस मामले को विभाग के माध्यम से देखा जाएगा और प्रभावित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि आपदा में जिन परिवारों ने अपना आशियाना खोया है, उन्हें केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि सम्मानपूर्वक दोबारा अपना घर बनाने का अवसर देना सरकार की जिम्मेदारी है।
Kangra, Kangra | Aug 26, 2026